छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला सहित अन्य जिलों में एक के बाद एक सूने मकान की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय ‘‘पत्थर गिरोह” के छह आरोपियों और उनसे चोरी की जेवरात खरीदने वाले वाले 02 आरोपियों को रायगढ़ पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने चोरों के पास से डेढ किलो चांदी, नगदी रकम के अलावा मोबाइल फोन और चोरी में उपयोग किये जाने वाले औजारों को जब्त किया है। आरोपियों को रायगढ़ पुलिस की टीम ने अलिराजपुर मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर रायगढ़ लाई है।
आरोपियों ने अपने बयान में रायगढ़ जिले के कृष्णा विहार कोलानी (थाना कोतरारोड़), ग्राम बेलारी, मुरालीपाली में जगह (थाना भूपदेवपुर), सांगीतराई (थाना जूटमिल) में चोरी के अलावा राज्य के अन्य कई जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। गिरोह का मास्टर मांइड आलम सिंह बामनिया और सूर्या उर्फ सुअर मोहनिया है, दोनों पुलिस की गिरफ्त में हैं। ‘‘पत्थर गिरोह” के सदस्य घूम-घूम कर पहले घरों की रैकी और फिर घटना को अंजाम देते हैं। इस गैंग में शामिल 16 व्यक्तियों ने चोरी के लिये अलग-अलग 04 गैंग बनाया है।
फरवरी माह में कोतरारोड थाना क्षेत्र के कृष्णाविहार कालोनी स्थित अंकित अग्रवाल के सुने मकान में 06-07 फरवरी की रात अज्ञात आरोपियों द्वारा दरवाजा का डोर लॉक तोड़कर अंदल आलमारी को तोड़े और सोने-चांदी के जेवरात करीब 1 लाख 35 हजार रूपये चोरी कर ले गये थे, इस संबंध में थाना कोतरारोड़ में अज्ञात आरोपी पर अपराध धारा 457, 380 आईपीसी के तहत अपराध कायम किया गया था। इसी दरम्यान शहर में हुई अन्य चोरियों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल द्वारा माल मुल्जिम की शीघ्र पतासाजी के लिये डीएसपी (साइबर सेल) अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में साइबर सेल और थाना कोतरारोड़ की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज बिलासपुर डॉ0 संजीव शुक्ला के दिशा-निर्देशन पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और माल मशरूका बरामदगी के लिये के जिला रायगढ़, बलौदा बाजार, दुर्ग की संयुक्त विशेष टीम गठित किया गया। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के मार्गदर्शन पर डीएसपी अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष टीम को अलिराजपुर, धार, झाबुआ (मध्यप्रदेश) के लिये रवाना किया गया। पुलिस टीम द्वारा अलिराजपुर के विभिन्न इलाकों में आरोपियों की सघन पतासाजी कर गिरोह की 02 महिला- पेमली बाई, गम बाई और 02 पुरूष- चाम सिंह बामनिया, जालम मोहनिया को हिरासत में लिया गया जिनसे पूछताछ कर इनसे चोरी की सामाग्री खरीदी करने वाले अलिराजपुर के 02 व्यक्ति-रोहित सोनी, दिलीप सोनी को गिरफ्तार कर कुल 06 आरोपियों का स्थानीय न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लेकर रायगढ़ लाया गया।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ पर इनके एक अन्य साथी सूर्या उर्फ सुअर को पुलिस ने कोतरारोड के किरोड़ीमल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। इस गैंग के सदस्यों ने 15 दिसंबर को ग्राम बेलारी (भूपदेवपुर) में तथा ग्राम मुरालीपाली में 17-18 फरवरी की रात दो घरों में चोरी किये हैं तथा 19 फरवरी को जूटमिल के सांगीतराई के मकान में चोरी किये थे । अब तक गिरफ्तार 08 आरोपियों के मेमोरेंडम पर थाना कोतरारोड़ के, थाना भूपदेवपुर तथा थाना जूटमिल में हुए चोरी का खुलासा हुआ है।