छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ढाबा के सामने खड़ी दो ट्रेलर वाहनों से 552 लीटर डीजल चोरी का मामला सामने आया है। आर्शीवाद बिल्डकान के मैनेजर की रिपोर्ट पर पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है। उक्त मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, मोहिल सेठी ने पुसौर थाना में रिपोर्ट लिखाते हुए बताया कि वह आर्शीवाद बिल्डकान में मैनेजर के पद पर पदस्थ हैं। मोहिल ने बताया कि उनकी फर्म एनटीपीसी से अम्लीडीह गिधौरी फ्लाई एस ट्रांसपोर्ट का काम कर रही है। ट्रेलर चालक 7 अक्तूबर की रात 11 बजे एनटीपीसी लारा से फ्लाईएस लोड कर अम्लीडीह (गिधौरी) के लिये निकले थे।
मोहिल ने बताया कि इस दौरान रात करीब डेढ़ बजे के आसपास दोनों ट्रेलर चालक ग्राम कठली के पास स्थित एक ढाबा के पास खाना खाकर गाड़ी खड़ी कर सो गए थे। सुबह 5 बजे दोनों चालक जब उठे तो उन्होंने देखा कि एक ट्रेलर से 302 लीटर एवं दूसरे ट्रेलर 250 लीटर मिलाकर कुल 552 लीटर डीजल की चोरों ने चोरी कर ली थी। चोरी किए गए डीजल की कीमत करीब 52 हजार रूपये बताई जा रही है। बहरहाल, आर्शीवाद बिल्डकान के मैनेजर की रिपोर्ट के बाद पुसौर पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले को विवेचना में ले लिया है।