छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक 6 साल की नाबालिग बच्ची की पड़ोस के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। गांव के ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार छाल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चितापाली गांव के रहने वाली 6 साल की नाबालिग छात्रा लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्रा स्थित कन्या आश्रम में रहकर दूसरी कक्षा में पढ़ाई करती थी। 17 नवंबर को छात्रा अपनी मां के साथ नानी घर कुर्रा गई हुई थी। बताया जा रहा है कि कल बच्ची घर के बाहर खेल रही थी और अचानक गायब हो गई। जिसके बाद परिजन बच्ची की खोजबीन में जुटे हुए थे इसी दौरान शाम करीब 7 बजे के आसपास पड़ोसी लक्ष्मी प्रसाद राठिया ने कहा कि बच्ची उनके घर में सो रही, परिजन जब बच्ची को लेने पहुंचे तो देखा कि बच्ची बिस्तर में पडी हुई थी और उसकी मौत हो चुकी थी, बच्ची के गले में चोट के निशान थे। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
लैलूंगा के कुर्रा गांव में बच्ची की संदिग्ध लाश मिलने की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहंुची और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजते हुए पड़ोसी पिता-पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मृतका के मौत के असल कारणों का पता चल सकेगा, फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।