रायगढ़ पुलिस ने दुष्कर्म मामले में 6 साल से फरार आरोपी चल रहे आरोपी को पड़ोसी राज्य ओडिसा के राउरकेला जिले से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी हुलिया बदलकर यहां छिपा हुआ था। मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी हारून रशीद उर्फ भोलू पिता रमजान मोहम्मद 34 साल निवासी सिद्धी विनायक कालोनी रायगढ़ को थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ के दुष्कर्म मामले में दोषी ठहराया गया था और उसे सजा सुनाई गई थी। वह केंद्रीय जेल बिलासपुर में बंद था, लेकिन आरोपी अपनी शातिर चालाकी के कारण तीन बार पुलिस और जेल प्रशासन को चकमा देकर फरार हो गया। जिसमें पहली बार वह जेल से भागने में कामयाब हुआ। दूसरी बार अस्पताल से फरार हुआ और तीसरी बार 11 सितंबर 2018 को बिलासपुर जेल ले जाते समय रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर पुलिस को चकमा देकर गायब हो गया।
विशेष टीम का किया गया गठन
माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर के क्रिमिनल अपील प्रकरण में आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ। एसपी दिव्यांग कुमार पटेल ने दिशा-निर्देशन पर डीएसपी अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। इस दौरान आरोपी के पुराने रिकॉर्ड खंगाले गए। साथ ही आरोपी के पुराने संपर्कों और रिश्तेदारों से पूछताछ की गई। इसके अलावा पुलिस ने पुराने फोटो और अन्य जानकारियों के आधार पर राउरकेला, ओड़ीसा में जांच शुरू की।
इस तरह मिला आरोपी का क्लू
आरोपी की पतासाजी में लगी पुलिस टीम को एक सूत्र से पता चला कि एक व्यक्ति पेंट, पुट्टी का काम कर रहा वह व्यक्ति हारून रशीद हो सकता है। इसके बाद टीम ने संबंधित इलाके में खोजबीन की और आरोपी को पेंटिंग के काम के दौरान पकड़ लिया। उसे रायगढ़ लाकर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस कप्तान ने की तारीफ
इस मामले में रायगढ़ पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल ने टीम की सराहना की और अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई को रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता बताया। फरार वारंटियों और अपराधियों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।