छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह बीएसएफ जवानों से भरी बस पेड से टकरा जाने की घटना में जहां 17 जवान घायल हुए हैं वहीं 13 जवानों को मामूली खरोंच आई है।
जवानों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त होनें की जानकारी देते हुए धरमजयगढ़ एसडीएम डिगेश पटेल ने बताया कि बीएसएफ के 32 जवान बस में सवार होकर मतदान केंद्रों का मुआयना करने निकले थे। वे धरमजयगढ़ के सुदूर पहाड़ी इलाके में स्थित छूही पहाड़ के मतदान केंद्र का निरीक्षण कर लौट रहे थे। वापसी के समय चाल्हा गांव के समीप कमोसिन डाण्ड के पास बस अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। इससे बस में बैठे 17 जवान चोटिल हुए हैं। जिनमें से 04 जवानों को अलग अलग 04 एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज रायगढ़ बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। वहीं शेष 13 जवान जिन्हें मामूली खरोंच एवम चोट आई है, उनका इलाज सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में चल रहा है। सभी जवानों की स्थिति खतरे से बाहर है।
बताया जा रहा है कि जवानों से भरी बस में अचानक तकनीकी खराबी आ गई थी और घाटी होनें की वजह से बस की रफ्तार में कंट्रोल नही हो सका और फिर बस पेड से जा टकराई और जवान घायल हो गए। बताया यह भी जा रहा है कि जिस जगह हादसा हुआ है वहां पर दाहिने तारीफ घाटी थी अगर बस घाटी से नीचे गिरती तो बहुत बडा हादसा हो सकता था परंतु बस चालक के द्वारा सूझबुझ का परिचय देते हुए बांय तरफ बस को मोड दिया गया।
बूथ देखने गए थे जवान- पुलिस अधीक्षक
रायगढ़ पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने बताया कि कापू थाना क्षेत्र में बीएसएफ के 32 जवान बूथ देखने के लिये गए हुए थे। जिसकी बस अनियंत्रित होकर पेड से टकरा गई। सभी को धरमजयगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जिसमें चार जवानों को बेहतर उपचार हेतु रायगढ़ मेडिकल कालेज लाया जा रहा है।