छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 5 अक्टूबर की शाम इवनिंग वॉक पर निकले डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर का फिल्मी अंदाज में अपहरण के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने नगदी रकम के अलावा घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल बरामद कर ली है, मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ पुलिस ने डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर कपूर चंद गुप्ता के अपहरण एवं लूट के मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर कुल 99 हजार 100 सौ नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चाकू और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
चाकू की नोक पर किया अपहरण
5 अक्टूबर की शाम 6 बजे जकेला निवासी कपूर चंद गुप्ता गांव के डीपापारा एवं शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे। थकान महसूस होने पर वे सड़क किनारे स्थित डबरी के पास माइलस्टोन पत्थर पर बैठकर आराम करने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से उन्हें घेर लिया और पकड़कर डबरी की ओर ले गए। उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी गई तथा पेट, गर्दन और छाती पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें मोटरसाइकिल से दूसरे स्थान पर ले जाकर मारपीट की और मोबाइल फोन का पासवर्ड, Google Pay तथा BHIM UPI एप के पासवर्ड हासिल कर लिए।
खाते से ऑनलाइन रकम कराया ट्रांसफर
आरोपियों ने पीड़ित के मोबाइल से डिजिटल भुगतान की सुविधा का दुरुपयोग करते हुए एक महिला के खाते का QR कोड मंगवाया और अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से रकम ट्रांसफर कराई। पुलिस विवेचना में सामने आया कि आरोपियों ने पीड़ित के खाते की उपलब्ध ट्रांजेक्शन लिमिट समाप्त होने तक रकम निकालने की कोशिश की। इस दौरान पीड़ित को धमकाकर उसके घर फोन भी करवाया गया, ताकि परिजनों को किसी अनहोनी का संदेह न हो। रकम ट्रांसफर कराने के बाद आरोपियों ने पीड़ित की आंखों पर दोबारा पट्टी बांधी और उसे पंडरीपानी में एक कमरे में बंधक बनाकर रखा।
परिजनों की जागरूकता से बची पीड़ित की जान
पीड़ित के परिजनों को फोन पर बातचीत के दौरान संदेह हुआ तो उन्होंने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई और ग्राम पंडरीपानी पहुंच गए। परिजनों एवं ग्रामीणों के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी पीड़ित को छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित को सकुशल मुक्त कराकर थाने लाया गया। इसके बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना में आरोपियों के खिलाफ धारा 140(3), 309(6), 142 एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद खुला राज
इस मामले में पुलिस ने पहले एक आरोपी सुनील सारथी को सारंगढ़ क्षेत्र के पकड़ा, पूछताछ के बाद पुलिस ने राजेंद्र कुमार महंत उर्फ प्रदीप महंत, उसके भाई नरेंद्र उर्फ नंदू महंत तथा दिनेश सारथी की तलाश तेज की। जिसके बाद तीनों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने प्रोफेसर को नौकरीपेशा और सीधे-सादे व्यक्ति के रूप में देखकर उनके परिवार से आसानी से रकम ऐंठने की मंशा से वारदात की योजना बनाई थी।
तीन दिन पहले बनाई थी योजना
आरोपियों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के लिए उन्होंने योजना बनाई, जिसके अनुसार 3 अक्टूबर को मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार महंत उर्फ प्रदीप महंत और दिनेश सारथी, सुनील सारथी के छातामुड़ा स्थित घर पहुंचे थे, बाद में 5 अक्टूबर की शाम तीनों आरोपी दिनेश सारथी के भाई की काले रंग की हीरो सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल से ग्राम जकेला पहुंचे। वहां उन्होंने प्रोफेसर कपूर चंद गुप्ता को सड़क किनारे अकेले बैठकर मोबाइल देखते हुए पाया।
सुनसान मकान में बंधक बनाकर रखा
आरोपियों ने अपनी योजना के अनुसार अलग-अलग रास्तों से प्रोफेसर के पास पहुंचकर उन्हें घेर लिया और धक्का देकर गिराने के बाद पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें डबरी के पीछे सुनसान स्थान पर ले जाकर चाकू की नोक पर डराया-धमकाया तथा जान से मारने की धमकी देकर उनके मोबाइल फोन का पासवर्ड, Google Pay और BHIM UPI एप की जानकारी हासिल कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ित को मोटरसाइकिल से खरसिया क्षेत्र की ओर ले गए, जहां कुछ देर रुकने के बाद उसे ग्राम पंडरीपानी, थाना भूपदेवपुर क्षेत्र में एक सुनसान मकान में बंधक बनाकर रखा। यहां भी आरोपी पीड़ित के मोबाइल से QR कोड के माध्यम से अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर रकम अपने परिचित महिला के खाते में ट्रांसफर कराते रहे।
गिरफ्तार आरोपी
- सुनील कुमार विशाल उर्फ सुनील सारथी पिता बरतराम विषाल उम्र 32 वर्ष साकिन छातामुड़ा वार्ड नंबर 41 थाना जूटमिल जिला रायगढ़ (छ0ग0)
- राजेन्द्र कुमार महंत उर्फ प्रदीप महंत पिता समय लाल महंत उम्र 35 वर्ष साकिन जकेला थाना पुसौर जिला
- नरेन्द्र महंत उर्फ नंदू महंत पिता समय लाल महंत उम्र 34 वर्ष साकिन जकेला थाना पुसौर जिला
- दिनेश सारथी पिता पैतराम सारथी उम्र 34 वर्ष साकिन औरदा थाना पुसौर जिला रायगढ़ छ0ग0