बीजापुर जिले के विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव देने और उच्च शिक्षा के नए अवसरों से परिचित कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक सराहनीय पहल की है। स्वामी आत्मानंद हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के 20 विद्यार्थियों को चार दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण (एजुकेशन एक्सपोजर विजिट) के लिए भिलाई रवाना किया गया। इस दौरान विद्यार्थी भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान भिलाई और भिलाई स्टील प्लांट का भ्रमण कर आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान, औद्योगिक प्रक्रियाओं और नवाचार की बारीकियों को समझेंगे।
कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
विद्यार्थियों के दल को कलेक्टर विश्वदीप ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे और जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडे भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें भ्रमण के दौरान अधिक से अधिक नई जानकारियां हासिल करने, बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
आईआईटी भिलाई में समझेंगे तकनीक और अनुसंधान
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थी आईआईटी भिलाई पहुंचकर तकनीकी शिक्षा, इंजीनियरिंग, वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करेंगे। उन्हें उच्च शिक्षा के विभिन्न विकल्पों और प्रतिष्ठित संस्थानों में अध्ययन की संभावनाओं से भी परिचित कराया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को भविष्य में अपने करियर की दिशा तय करने में मदद मिलेगी।
स्टील प्लांट में जानेंगे इस्पात उत्पादन की प्रक्रिया
भिलाई स्टील प्लांट के भ्रमण के दौरान विद्यार्थी इस्पात उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाओं, आधुनिक मशीनों और बड़े औद्योगिक संयंत्र की कार्यप्रणाली को करीब से समझेंगे। यहां उन्हें यह जानने का अवसर मिलेगा कि विज्ञान और तकनीक का उपयोग बड़े उद्योगों में किस तरह किया जाता है। किताबी ज्ञान को वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ने वाला यह अनुभव विद्यार्थियों के लिए खास साबित होगा।
दूरस्थ अंचल के विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने की प्रेरणा
जिला प्रशासन की इस पहल का प्रमुख उद्देश्य दूरस्थ एवं आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों में उच्च शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ाई के लिए प्रेरित करना है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को नई संभावनाओं से परिचित कराने के साथ उनमें वैज्ञानिक सोच, आत्मविश्वास और नवाचार की भावना विकसित करने में भी सहायक होते हैं।
व्यावहारिक अनुभव से खुलेगा भविष्य की संभावनाओं का रास्ता
बीजापुर के 20 विद्यार्थियों के लिए यह चार दिवसीय भ्रमण केवल शैक्षणिक यात्रा नहीं, बल्कि अपने भविष्य को बेहतर ढंग से समझने का अवसर भी है। आईआईटी भिलाई और भिलाई स्टील प्लांट जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों को करीब से देखने से विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा, इंजीनियरिंग और औद्योगिक क्षेत्र में करियर बनाने की प्रेरणा मिलेगी।
विद्यार्थियों को रवाना करते जिला प्रशासन के अफसर