बीजेपी के मेयर प्रत्याशी जीवर्धन सिंह चौहान ने रिकॉर्ड मतों से विजयश्री हासिल की है
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
Raigarh Nikay Chunav Results 2025: बीजेपी ने छत्तीसगढ़ की रायगढ़ नगर निगम सीट पर जीत हासिल कर ली है। यहां पर पहली बार एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना है। शहर में पहली बार चाय वाला एक आम आदमी शहर का प्रथम नागरिक बनने जा रहा है। जी हां चाय वाला रायगढ़ का मेयर बनेगा। बीजेपी के मेयर उम्मीदवार जीवर्धन सिंह चौहान ने रिकॉर्ड मतों से विजयश्री हासिल की है। वे पिछले 29 साल से बीजेपी कार्यकर्ता हैं। चाय बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं।
जीवर्धन सिंह चौहान रायगढ़ शहर में चाय की दुकान चलाते हैं। नगरीरय निकाय चुनाव प्रचार के दौरान प्रदेश के मुखिया सीएम विष्णुदेव साय उनकी दुकान में गये थे। उन्होंने वहां पर अपने हाथों से चाय बनाई थी। उसके पहले छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी उनकी दुकान में चाय बनाई थी। मंत्री ओपी चौधरी ने उन्हें जीताने के लिये पूरी ताकत लगा दी थी। क्योंकि कहीं न कहीं उनकी प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई थी।
बीजेपी के महापौर प्रत्याशी जीवर्धन सिंह ने कांग्रेस की जानकी काटजू को हराया है। उन्होंने 33 हजार से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की है। रायगढ़ में कांग्रेस उम्मीदवार को 21946 वोट मिले हैं। यहां पर नोटा में 954 वोट मिले हैं। चौहान को बीजेपी ने मेयर उम्मीदवार बनाया था।
वो वर्तमान समय में बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री हैं। वर्ष 2004 से 2005 तक भाजयुमो के नगर मंत्री भी रहे। वहीं 2010 में एल्डरमैन रह चुके हैं। दूसरी ओर कांग्रेस ने रायगढ़ से जानकी काटजू को प्रत्याशी बनाया था। वह पहले भी पार्षद रह चुकी हैं। वह साल 2020 में रायगढ़ नगर निगम में पहली महिला मेयर बनीं थी।
उनकी जीत पर सीएम विष्णुदेव साय ने आज रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि चौहान भारतीय जनता पार्टी के ये निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। ये भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है कि एक कार्यकर्ता महापौर पद तक चुनाव जीतकर पहुंच सकता है।
'एक गरीब को किस चीज से वंचित होना पड़ता है, मुझे अच्छे से पता है'
महापौर चुनाव जीतने के बाद मीडिया से चर्चा में जीवर्धन ने कहा कि मैं सबसे पहले रायगढ़ शहर के देवतुल्य मतदाताओं के अलावा प्रदेश के मुख्यमंत्री को इस जीत की बधाई देता हूं। रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के विकास के मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंचा। जिसके बाद जनता ने मुझ पर विश्वास करके मुझे आशीर्वाद दिया। अब मैं रायगढ़ की जनता का सेवा करूंगा। उनके कार्य को आगे बढाने का काम करूंगा। मैं एक गरीब परिवार से चाय बेचकर अपने परिवार का जीवन यापन करता हूं। एक गरीब परिवार को किस चीज से वंचित होना पड़ता है, इस मुझे अच्छे से पता है। मूलभूत समस्या को लेकर जनता के बीच जाऊंगा और उसका समाधान करूंगा।