रायपुर में 31 दिसंबर की रात को तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित होटल कोटयार्ड मैरियट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटना सामने आई। कार्यक्रम के दौरान डीजे की धुन पर नाचते समय करीब 8 से 10 लोगों के बीच गाली-गलौज और हाथापाई हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर थाना तेलीबांधा की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही मारपीट में शामिल लोग पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद दोनों पक्षों में से किसी ने भी थाना तेलीबांधा में लिखित या मौखिक शिकायत दर्ज नहीं कराई। मामले को लेकर होटल प्रबंधन को थाना तेलीबांधा द्वारा नोटिस जारी किया गया है, लेकिन अब तक उसका जवाब प्राप्त नहीं हुआ है।
किसी भी पक्ष द्वारा शिकायत नहीं किए जाने के बावजूद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वतः संज्ञान लिया। थाना तेलीबांधा पुलिस ने दिनेश डोडवानी, निवासी श्याम नगर तेलीबांधा, रायपुर और दिलीप अंदानी, निवासी महावीर नगर, रायपुर सहित अन्य 6 से 8 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।