भिलाई नगर पुलिस ने पिस्टल की नोक पर पांच लाख रुपये की अवैध उगाही कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों एक व्यक्ति का अपहरण कर उसे रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। भिलाई नगर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी जीजा और साले को गिरफ्तार किया है ।
पीड़ित टंडन ने 22 जुलाई को भिलाई नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी थी। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि 18 जुलाई को बलजीत सेठिया और उसका साला मलकीत सिंह उर्फ बब्बी ने जबरदस्ती उसे काले रंग की बलेनो कार में बैठाकर सुपेला की ओर ले गए। कार के अंदर धमकाते हुए बलजीत सेठिया ने कनपटी पर पिस्टल रखकर पांच लाख रुपये मांगे।
रुपये न देने पर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित टंडन ने डरकर 19 जुलाई को ऑनलाइन माध्यम से बलजीत सेठिया को दो बार ट्रांजैक्शन करते हुए 50-50 हजार रुपये के तौर पर एक लाख रुपये दिए. प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई थी।
दुर्ग एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि पूरा मामला महादेव ऑनलाइन सट्टे से जुड़ा हुआ है. पीड़ित और आरोपी दोनों गोवा में एक ऑनलाइन पैनल चला रहे थे। पैनल में नुकसान होने के बाद पीड़ित भिलाई आ गया था, जिसके बाद आरोपियों ने उससे 5 लाख रुपये की मांग कर रहे थे. रुपये नहीं देने पर आरोपियों ने पीड़ित का अपहरण कर लिया और धमकी देकर रुपयों की मांग की। मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक देसी पिस्टल, तीन कारतूस, एक बलेनो कार और एक मोबाइल बरामद किया है।