रायगढ़ जिले में 29 अप्रैल को पति ने 50 रुपये न देने पर पत्नी की गला दबाकर हत्या की। इसके बाद शव ईंट भट्ठे के गड्ढे में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी पति बिसाहू माझी और साक्ष्य छिपाने वाले उमेश बंजारा को गिरफ्तार किया।
लैलूंगा थाना क्षेत्र में 29 अप्रैल को एक ईंट भट्ठे के गड्ढे में 42 वर्षीय महिला की लाश मिलने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतका के पति ने शराब के लिए 50 रुपये न देने पर गुस्से में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी।
विज्ञापन
लैलूंगा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मृतका के पति बिसाहू माझी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि पैसे को लेकर हुए विवाद में उसने पत्नी को पीटा और गला दबाकर मार डाला, फिर शव को ईंट भट्ठे के गड्ढे में फेंक दिया। पुलिस जांच में पता चला कि दंपती के बीच अक्सर झगड़े होते थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई।
प्रारंभिक तौर पर बिसाहू ने दावा किया था कि पत्नी गड्ढे में गिरकर मरी, लेकिन शव और घटनास्थल के निरीक्षण से मामला संदिग्ध पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि भट्ठा मालिक के बेटे उमेश बंजारा (27) को घटना की जानकारी थी, लेकिन उसने पुलिस को सूचना नहीं दी और साक्ष्य छिपाने की कोशिश की। इसके लिए उसके खिलाफ धारा 239 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।