सुपेला थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे का कारोबार करने वाले 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी होटल में किराए का रूम लेकर ऑनलाइन सट्टा एप्प रेड्डी अन्ना का संचालन कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से सट्टे के पैसे का लेने-देन समेत 4 नग लैपटाप, 4 नग मोबाइल, कई बैंकों के एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक और लाखों का लेखा-जेखा के दस्तावेज बरामद किए हैं।
सुपेला के होटल टाईम स्क्वायर में रूम किराए पर लेकर ऑनलाइन सट्टे का संचालन किया जा रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलते ही आरोपी को पकड़ने के लिए सिविल ड्रेस में जाकर छापेमारी की कार्रवाई की गई। एक रूम में 4 आरोपी महादेव ऑनलाइन रेड्डी अन्ना सट्टा का संचालन कर रहे थे। यह ब्रांच सट्टा किंग दीपक नेपाली की बतायी जा रही है। दीपक नेपाली ने भिलाई के अलावा अन्य जिले के युवकों को नौकरी दिलाने के नाम पर ऑनलाइन सट्टे के कारोबार में शामिल किया है।
सुपेला थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि इस पैनल का मुखिया दीपक नेपाली है, जो अपने गुर्गों को ऑनलाइन सट्टा का संचालन करवा रहा था। पुलिस ने आरोपियो के पास से 4 लैपटाप, 4 मोबाइल, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और अन्य दस्तावेज में लाखो का हिसाब-किताब भी बरामद किया है, जिसके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।