शहीद रामकुमार यादव शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय
- फोटो : अमर उजाला
बस्तर संभाग के सभी थाना, चौकी, रक्षित केंद्र, कार्यालय परिसर, आवासीय परिसर और सुरक्षा कैंप में स्वच्छ एवं सौन्दर्य वातावरण निर्मित करने के लिए सन 2021-22 में वृक्षारोपण कार्यक्रम पोदला उरस्कना आयोजित किया गया था। इसके समारात्मक परिणाम स्वरूप समाज के समस्त नागरिकों द्वारा सरहाना की गई।
पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पी ने बताया कि पोदला उरस्कना 2021-22 कार्यक्रम के सफल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए वर्तमान मानसून अवधि के दौरान बस्तर संभाग के जिला इकाइयों में शहीद हुए पुलिस एवं सुरक्षा बल सदस्यों और नक्सली हिंसा में मारे गए नागरिकों की स्मृति में उनके गृह गांवों में ग्रामीणों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहमति से शौक्षणिक संस्थानों, शासकीय कार्यालय परिसर, उद्यान जैसे सार्वजनिक स्थलों का चयन कर शहीद-स्मृति वाटिका की स्थापना की पहल पोदला उरस्कना-2023 में की जाएगी।
28 जुलाई से प्रारंभ होकर 9 अगस्त तक आयोजित की जाने वाले इस वृक्षारोपण कार्यक्रम की शुरूवात शुक्रवार को पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दरराज पी और पुलिस अधीक्षक कांकेर दिव्यांग पटेल ने शहीद रामकुमार यादव शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर से की। उन्होंने शहीद रामकुमार यादव की स्मृति में उनके परिजनों, विद्यालय के प्राचार्य, छात्राओं और पुलिस बल सदस्यों की उपस्थिति में शहीदों को समर्पित वृक्षारोपण का कार्यक्रम प्रारंभ किया गया।
इसी प्रकार पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मीणा ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बकावण्ड में शहीद संतोष कुमार पाठक और लैखन सेठिया के गृह ग्राम क्षेत्र में शहीदों के परिजनों, छात्र-छात्राओं व पुलिस बल सदस्यों की उपस्थिति में वृक्षारोपण कार्यक्रम शुरू किया। बस्तर संभाग के अन्य जिला इकाइयों दन्तेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, कोण्डागांव एवं नारायणपुर में भी संबंधित पुलिस अधिकारियों और पुलिस कर्मियों द्वारा जिला इकाइयों में शहीद हुए पुलिस एवं सुरक्षा बल सदस्यों और नक्सली हिंसा में मारे गए नागरिकों की स्मृति में इस वृक्षारोपण कार्यक्रम की शुरुआत की गई।