दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर पुलिस अभिरक्षा में आने के बाद एक नक्सली मामले के आरोपी पोदिया माड़वी (40) की मौत हो गई है। पोदिया की मौत की न्याययिक जांच करवाई जा रही है। पोदिया की मौत के बाद पूरे जिले के पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
पोदिया के परिजनों का कहना है कि पोदिया टीबी पीड़ित था और सरकारी अस्पताल से इलाज लेने के बाद स्वस्थ्य हो गया था उसे ऐसी कोई बीमारी नहीं थी जिससे उसकी रातों-रात मौत हो जाये। सामजिक कार्यकर्ता बेला भाटिया ने बताया कि पोदिया की मौत के बाद उसकी लाश रिश्तेदारों को दिखाई गई है। रिश्तेदारों ने पोदिया के शरीर में बंदूक के बट के निशान देखे हैं।
इस मामले में पुलिस परिजनों की शिकायत के आधार पर एफआईआर भी दर्ज नहीं कर रही है। पोदिया को पुलिस ने 27 जनवरी की शाम अरनपुर बलास्ट घटना में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ी तो उसे दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां इलाज के दौरान देर रात उसने दम तोड़ दिया। बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि मामले की बारिकी से जांच के लिए न्यायिक जांच करवाई जा रही है।