बलौदाबाजार जिले के लोगों को परिवहन सेवाओं के लिए बड़ी राहत मिलने जा रही है। ग्राम पंचायत परसाभदेर में सर्वसुविधायुक्त नए जिला परिवहन कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने भवन का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा भी मौजूद रहे।
नए कार्यालय के शुरू होने के साथ जिले में परिवहन सेवाओं को आधुनिक और डिजिटल बनाने की दिशा में काम तेज होने की उम्मीद है। आने वाले समय में परिवहन विभाग से जुड़े कई जरूरी कार्य ऑनलाइन किए जाएंगे, जिससे लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिल सकेगी।
डिजिटल होंगी परिवहन विभाग की सेवाएं
परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार परिवहन सेवाओं के आधुनिकीकरण पर काम कर रही है। विभाग से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने की तैयारी है। इससे नागरिक भविष्य में घर बैठे वाहन और परिवहन संबंधी जरूरी काम पूरे कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि बलौदाबाजार जिले में 2 लाख 14 हजार से अधिक वाहन पंजीकृत हैं। इतनी बड़ी संख्या में वाहन होने के कारण सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है।
नाबालिगों के वाहन चलाने पर जताई चिंता
केदार कश्यप ने स्कूली बच्चों के वाहन चलाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जाहिर की। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की, ताकि दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।उन्होंने सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए संचालित श्राहवीर योजना का भी उल्लेख किया। योजना के तहत पात्र पीड़ितों को डेढ़ लाख रुपये तक का मुफ्त और कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
जल्द शुरू होगी अत्याधुनिक वाहन टेस्टिंग सुविधा
राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि नए जिला परिवहन कार्यालय भवन का निर्माण लगभग पौने दो साल में पूरा किया गया है। उन्होंने जिलेवासियों को जल्द ही अत्याधुनिक वाहन टेस्टिंग सुविधा मिलने की जानकारी दी। इस सुविधा के शुरू होने के बाद वाहन जांच के लिए जिले के लोगों को दूसरे शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सोनबरसा जंगल सफारी के लिए 1.5 करोड़ रुपये
कार्यक्रम के दौरान सोनबरसा जंगल सफारी के विकास को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की गई। जंगल सफारी के परिसर के सौंदर्यीकरण और अधोसंरचना विकास के लिए 1.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा पर्यटकों की सुविधा और सफारी संचालन को बेहतर बनाने के लिए 4 नई जिप्सियां भी उपलब्ध कराई गईं।
बुजुर्गों को मुफ्त बस पास, वाहन चालकों को हेलमेट
कार्यक्रम में सामाजिक सरोकार से जुड़े कई कदम भी उठाए गए। 80 वर्ष से अधिक उम्र के 10 बुजुर्गों को निःशुल्क बस पास दिए गए। वहीं 5 वाहन स्वामियों को लाइसेंस और 5 वाहन चालकों को सुरक्षा के लिए हेलमेट वितरित किए गए।
कार्यालय परिसर में पौधरोपण
कार्यक्रम के समापन पर सेवा संकल्प अभियान के तहत 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में पौधरोपण किया गया। मंत्रियों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कार्यालय परिसर में पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा और प्रमोद शर्मा सहित परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक, डीएफओ, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।