करतला थाना क्षेत्र में एक व्यापारी के साथ मारपीट कर लूट की वारदात सामने आई है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, घायल व्यापारी को इलाज के लिए अस्पताल भेज गया है।
सक्ति निवासी संतोष गोयल रामपुर स्थित पेट्रोल टंकी के संचालक हैं, जो रोज की तरह सुबह पेट्रोल टंकी आते हैं और उसके बाद शाम होने से पहले ही अपने घर वापस लौट जाते हैं। सोमवार की सुबह भी संतोष गोयल पेट्रोल टंकी पहुंचे और कामकाज खत्म करने के बाद बैग में पांच लाख रुपये लेकर अपने घर सक्ति के लिए रवाना हुए। इस दौरान रामपुर से महज दो किलोमीटर दूर अंधरीकोनी गांव मोड़ के पास कुछ अज्ञात लुटेरों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। संतोष गोयल बाइक पर सवार थे। इस दौरान अचानक एक युवक आया और चलती बाइक पर ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया। रुपये लूटकर वह गांव से लगे जंगल की ओर भाग गया।
खून से लथपथ संतोष गोयल को देख भीड़ एकत्रित हो गई और इसकी सूचना करतला थाना पुलिस को दी गई। करतला थाना प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि घटनाक्रम की जानकारी ली गई। पेट्रोल टंकी से संतोष गोयल घर वापस लौट रहे थे। इस दौरान एक युवक उसे रास्ते में रुकवाया और उसका बैग छीनकर भाग रहा था। दोनों के बीच हाथापाई हुई। इस दौरान लुटेरे ने डंडे से उन पर हमला कर दिया और बैग छीनकर भाग गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।