कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम डगनियाखार में अवैध शराब बिक्री का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। गांव में पिछले कई वर्षों से कुछ घरों में खुलेआम अवैध शराब बेचे जाने से परेशान होकर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष बस्ती के लोग एकजुट होकर बाँकीमोंगरा थाना पहुंचे। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर अवैध बिक्री पर तुरंत पाबंदी लगाने और बिक्री करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि गांव के कुछ घरों में पिछले कई वर्षों से अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। जिसके कारण गांव के ही लोग शराब पीकर अपने घरों में गाली-गलौज, मारपीट एवं अभद्र व्यवहार करते हैं। इससे परिवार के लोगों को रोज कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्थिति यह है कि बाहर के लोग भी डगनियाखार गांव में शराब पीने के लिए आते हैं, जिससे गांव का माहौल और अधिक खराब हो रहा है।
थाने के बाहर मौजूद महिलाओं ने अपनी पीड़ा बयां की। एक महिला ने बताया कि दारू बिकने के कारण घर में रोज झगड़ा होता है। पति और बेटे शराब पीकर आते हैं और मारपीट करते हैं। बच्चे डरे-सहमे रहते हैं। कई बार समझाइश देने और गांव में बैठक कर रोकने की कोशिश की गई, लेकिन बिक्री बंद नहीं हुई। इसलिए मजबूर होकर आज सभी महिलाएं थाना आई हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस अवैध कारोबार का सबसे बुरा असर छोटे बच्चों और युवा वर्ग पर पड़ रहा है। छोटे बच्चे गाली-गलौज सुनकर बिगड़ रहे हैं, वहीं युवा वर्ग नशे की लत में पड़कर अपना भविष्य खराब कर रहे हैं। इन सब स्थितियों से पूरा गांव चिंतित और परेशान है।
थाने पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी बात रखी है। महिला ग्रामीण अपनी समस्या बता रही है। दोनों ने एक ही मांग दोहराई कि गांव को नशे के जाल से बचाया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि थाने स्तर पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे कलेक्टर और एसपी कार्यालय में शिकायत करेंगे और जरूरत पड़ी तो गांव में हड़ताल और आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे।
वहीं बाँकीमोंगरा थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि शिकायत की जांच कर अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और गांव में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी।
अवैध शराब का जाल, गाली-गलौज और मारपीट से तंग आकर ग्रामीण पहुंचे बाँकीमोंगरा थाना
अवैध शराब का जाल, गाली-गलौज और मारपीट से तंग आकर ग्रामीण पहुंचे बाँकीमोंगरा थाना