आबकारी विभाग की टीम से विवाद करते ग्रामीण।
- फोटो : संवाद
छत्तीसगढ़ के कोरबा में बुधवार देर रात अवैध शराब पकड़े जाने के बाद जमकर हंगामा हो गया। कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम से ग्रामीण भिड़ गए। टीम को ग्रामीणों ने घेर लिया और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और स्थिति को संभाला। विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि जब्ती बनाने के दौरान ग्रामीण एकत्र हो गए और विरोध करने लगे। हालांकि अभी तक इस संबंध में आबकारी विभाग की ओर से मामला दर्ज नहीं कराया गया है। मामला उरगा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम फरसवानी में बुधवार रात आबकारी विभाग की टीम कच्ची शराब की अवैध बिक्री की सूचना पर पहुंची थी। टीम ने कुछ ग्रामीणों के घर में छापा मारकर शराब जब्त भी कर ली। तभी ग्रामीणों की भीड़ मौके पर पहुंच गई और टीम को घेर लिया। कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों ने आपत्ती जताई और विरोध शुरू कर दिया। दोनों पक्षों में बहस और धक्का-मुक्की होने लगी। इस पर टीम ने पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि टीम से मारपीट भी की गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।
थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि पुलिस को मौके पर भेजा गया। जिले का सीमांत इलाका होने के कारण चांपा पुलिस को भी सूचना दी गई। जिससे वह पहले पहुंचे और स्थिति को संभाल सकें। फिलहाल पुलिस ने मामला शांत कराया और टीम को गांव से बाहर निकाला। आबकारी विभाग की ओर से अभी कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वहीं जब्त शराब को लेकर ज्यादा जानकारी विभाग के ही अधिकारी दे सकते हैं। मामला दर्ज होगा तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।