बस से टक्कर के बाद टूटा स्कूल बस का शीशा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छत्तीसगढ़ के कोरबा में शनिवार को सड़क किनारे खड़ी यात्री बस को एक स्कूल बस ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के चलते स्कूल बस का आगे का शीशा टूट गया। इसके कारण उसके पास बैठे छात्र और दूसरी बस के यात्री के घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। हादसा कटघोरा थाना क्षेत्र में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, कटघोरा स्थित आदर्श विद्या मंदिर की बस शनिवार दोपहर के बाद बच्चों को घर छोड़ने के लिए निकली थी। बस में करीब 40 छात्र थे। अभी स्कूल बस थोड़ी दूर पहुंची थी कि सड़क किनारे खड़ी शिव ट्रेवेल्स की यात्री बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही स्कूल बस के आगे का शीशा टूट गया। हादसे में बस में चालक की ओर बैठे दो बच्चे चोटिल हो गए। वहीं धक्के से दूसरी बस के यात्री भी चोटिल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया। भीड़ उग्र हो गई। लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इसके चलते वाहनों की कतार लग गई। इस बीच सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई और लोगों को शांत कराकर घायलों को अस्पताल ले गई। बताया जा रहा है कि स्कूल बस की रफ्तार कम थी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। यात्री बस बिलासपुर जा रही थी। हादसे के समय उसमें 20 से 25 यात्री बैठे हुए थे।