कबीरधाम जिले के कवर्धा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नवागांव में बुधवार को धार्मिक चबूतरा निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद एक पक्ष ने स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया और मौके पर हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस मामले में गुरुवार को कबीरपंथी समाज ने एसपी कार्यालय का घेराव किया।
इस दौरान समाज के लोगों ने धार्मिक उन्माद फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि लोहारा मार्ग के नवागांव चौक के पास 23 जनवरी 2026 को होने वाले धार्मिक कार्यक्रम के प्रचार पोस्टर लगाए गए थे, जिन्हें गांव के दो लोगों ने फाड़ते हुए गालीगलौज और जान से मारने की धमकी दी।
कबीरपंथी समाज ने इसे गंभीर बताते हुए 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी है कि कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।