प्रदेश के नक्सल प्रभावित जिले में शामिल कबीरधाम के चार थानों में फोर्टीफाइड भवन का निर्माण कराया गया है। कवर्धा विधायक व मंत्री मोहम्मद अकबर ने नक्सल प्रभावित थाना चिल्फी का शुभारंभ किया है। फोर्टीफाइड का अर्थ किलानुमा होता, यानी ऐसा पुलिस स्टेशन जिस पर नक्सली या अपराधी चाह कर भी हमला नहीं कर पाएं। जिसकी घेराबंदी किले की तरह होती है। संतरी पोस्ट से लेकर सुरक्षा के तमाम उपाय मजबूत होते हैं जिससे थाना भवन हर तरह से सुरक्षित होता है।
कबीरधाम एसपी अभिषेक पल्लव ने बताया कि नक्सल संवेदनशील क्षेत्र में फोर्टीफाइड पुलिस थाना भवन निर्माण के पीछे शासन का यह उद्देश्य रहता है कि नक्सलियों द्वारा थाना भवन पर हमला कर पुलिस जवानों को क्षति पहुंचाकर आधुनिक हथियारों को लूट से बचाया जा सके। ऐसी घटना को रोकने के लिए व कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में फोर्टीफाइड थाना भवन का निर्माण किया गया है। इस मौके पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री मोहम्मद अकबर ने छत्तीसगढ़ सरकार के विभिन्न योजना की जानकारी दी। पुलिस और जनता के बीच के मधुर संबंधों को बनाकर रखने, थाने में आने वाले लोगों के शिकायतों को जल्द से जल्द निराकरण करने निर्देश दिए।
प्रदेश में 63 थाना भवन को बनाया गया फोर्टीफाइड
शुभारंभ कार्यक्रम में एसपी पल्लव ने बताया कि फोर्टीफाइड थाना भवन चिल्फी को स्पेशल इन्फास्ट्रक्चर स्कीम के तहत बनाया गया है। वैसे प्रदेश के 14 जिलों में 63 (फोर्टीफाइड पुलिस स्टेशन) सुदृढ़ीकृत थाना भवन निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अंतर्गत कबीरधाम जिला के नक्सल प्रभावित चार थाना, जिसमें रेंगाखार, चिल्फी, सहसपुर लोहारा व बोड़ला पुलिस थाना भवन स्वीकृत किया गया। थाना चिल्फी थाना भवन छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के पर्यवेक्षण में निर्माण कार्य हुआ है। फोर्टीफाइड पुलिस थाना भवन दो मंजिला की है। भूतल में थाना प्रभारी, विवेचक कक्षों के अलावा हवालात, मालखाना, शस्त्रागार, स्टोर, प्रशाधन की सुविधा उपलब्ध कराया गया है।