कबीरधाम जिले के भोरमदेव थाना क्षेत्र अंतर्गत हरमो गांव में बीते 6 अगस्त की रात को अज्ञात असामाजिक तत्व ने भगवान की मूर्ति मंदिर के बाहर कर दी थी। इससे यहां तनाव की स्थिति बन गई थी। दूसरे दिन 7 अगस्त को यहां कांग्रेस ने प्रदर्शन कर जांच की मांग की थी। इसी क्रम में कल 19 अगस्त मंगलवार को कांग्रेस ने कवर्धा बंद का आह्वान किया है। वहीं सोमवार को पुलिस ने घटना के 12 दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है।
कबीरधाम एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शिव मंदिर में भगवान की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की घटना के बाद थाना भोरमदेव में धारा 298 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था। जांच के दौरान आरोपी की पहचान कर ली गई। आरोपी गौतरिहा यादव (69 वर्ष) पिता डेरहाराम यादव निवासी ग्राम राला पोस्ट व थाना बिरसा जिला बालाघाट (एमपी) हाल मुकाम ग्राम हरमो जिला कबीरधाम ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। साथ ही जांच के दौरान मामले में पुलिस विभाग के आरक्षक राजू वैष्णव की संलिप्तता पाए जाने पर उसे भारतीय संविधान की धारा 311 के खंड 2 के उपखंड (ख) के अधीन प्रदत्त शक्तियों के तहत तत्काल प्रभाव से शासकीय सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के कृत्यों में संलिप्तता पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कांग्रेस नेताओं से कल के बंद को रद्द करने की अपील की है।