कबीरधाम जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडरिया के कुकदूर तिराहा स्थित पंजाब एजेंसी कृषि केंद्र से 4 लाख 10 हजार रुपए चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चोरी की रकम में से आरोपी ने 1 लाख 32 हजार रुपए के चांदी के लच्छे खरीदे, जबकि 1 लाख 49 हजार 80 रुपए नगद उसके पास बचे थे। पुलिस ने नगदी, चांदी के आभूषण, बाइक, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल सब्बल समेत कुल 3 लाख 2 हजार 80 रुपए की संपत्ति जब्त की है।
आरोपी की पहचान नंद राम श्रीवास (37), निवासी ग्राम घोंठा, थाना पांडातराई के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार14 और 15 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात चोर ने कृषि केंद्र में सेंधमारी कर काउंटर की दराज में रखे 4 लाख 10 हजार रुपए पार कर दिए थे। दुकान संचालक अमरीक सिंह सलूजा की रिपोर्ट पर पंडरिया थाने में बीएनएस की धारा 331(4) और 305A में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। पुलिस टीम ने ग्राम घोंठा में आरोपी को पकड़कर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर चोरी की रकम और खरीदे गए सामान बरामद किए गए।
पूर्व में भी चोरी का मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के पास से 1,49,080 रुपए नगद, करीब 1.32 लाख रुपए कीमत के चांदी के लच्छे, वारदात में इस्तेमाल बजाज प्लेटिना बाइक, मोबाइल फोन और लोहे का सब्बल जब्त किया है। आरोपी ने वारदात के दौरान जो कपड़े पहने थे, उन्हें भी जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी बैजलपुर चौकी में चोरी का मामला दर्ज है। उसे 22 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के गिरफ्त में आरोपी