आज सोमवार को जिले में मादक पदार्थों व अवैध शराब निर्माण के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए ग्राम सरेखा के बैगाटोला में बड़ी कार्रवाई की। एएसपी पुष्पेंद्र बघेल ने बताया कि पुलिस ने छापेमारी के दौरान अवैध शराब निर्माण में उपयोग होने वाले करीब 400 किलोग्राम महुआ लहान (शराब बनाने के लिए सड़ा हुआ महुआ) को बरामद कर मौके पर नष्ट किया है।
इस कार्रवाई में गांव के अलग-अलग घर से मिलाकर 400 किलो महुआ लहान जब्त किया गया है, सभी को समझाइश देकर लहान को नष्ट किया गया है। इस कार्रवाई के बाद अवैध कच्ची शराब बनाने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि ऐसे कार्य किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध शराब निर्माण और मादक पदार्थों के व्यापार जैसी गतिविधियों से पूरी तरह दूर रहें। ऐसे कार्य न केवल कानून के खिलाफ हैं, बल्कि समाज व परिवार के लिए भी बेहद खतरनाक हैं। कबीरधाम पुलिस मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए सख्त कार्रवाई कर रहा है। यदि किसी को इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी मिले, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।