बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों की संयुक्त पार्टी ने चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। सुरक्षाबलों ने उनके कब्जे से विस्फोटक सामाग्री सहित नक्सल साहित्य व अन्य सामान बरामद किया है।
सुरक्षाबलों की संयुक्त पार्टी ने शुक्रवार को मुरदण्डा तिम्मापुर के पास से चार नक्सलियों को विस्फोटक के साथ गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से विस्फोटक सामाग्री सहित नक्सल साहित्य व अन्य सामान बरामद किया गया है।
विज्ञापन
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, उसूर ब्लॉक के आवापल्ली थाना से सीआरपीएफ व थाना आवापल्ली की संयुक्त पार्टी नक्सल विरोधी अभियान पर ग्राम मुरदण्डा, तिम्मापुर, चिलकापल्ली व बायगुड़ा की तरफ निकली हुई थी। इस दौरान मुरदण्डा व तिम्मापुर मार्ग पर सड़क किनारे तीन-चार व्यक्ति पुलिस पार्टी को देखकर भागने का प्रयास कर रहे थे। रोड ओपनिंग व सुरक्षा व्यवस्था में लगी पार्टी ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्तियों से पूछताछ करने पर अपना नाम नेड्रा आरपीसी डीएकेएमएस सदस्य कोसा माड़वी पिता हुर्रा (40) निवासी बेलम पुजारीपारा नेड्रा, बेलम नेड्रा संगम सदस्य सन्ना उईका (32) निवासी पुजारी पारा बेलमनेड्रा, नेड्रा आरपीसी मिलिशिया सदस्य सन्ना उईका (26) निवासी पुजारी पारा बेलम नेड्रा और नेड्रा आरपीसी सीएनएम सदस्य मड़कम सुखराम (25) निवासी बेलम नेड्रा पुजारी पारा थाना बासागुड़ा बताया।
विज्ञापन
पकड़े गए नक्सलियों की तलाशी में उनके पास रखे थैले से एक टिफिन बम, कॉर्डेक्स वायर, बीयर बॉटल में बनाये गए बम, बिजली के तार, बैटरी, नक्सली साहित्य बरामद किया गया है। नक्सलियों से उक्त प्रतिबंधित विस्फोटक सामग्री के परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए। उन्होंने किसी प्रकार के दस्तावेज नहीं होना बताया। आवापल्ली थाना में वैधानिक कार्यवाही कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय बीजापुर में पेश किया गया है।