छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर किसानों से दुराग्रह का आरोप लगाया है। केदार कश्यप ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान के सीकर में 27 जुलाई को ‘पीएम प्रणाम योजना’ की शुरुआत करेंगे। साथ ही देश के किसानों के खाते में करीब 20 हजार करोड़ रुपये ट्रांसफर करेंगे। योजना किसानों की खुशहाली का माध्यम बनेगी। छत्तीसगढ़ में 40 लाख से अधिक पंजीकृत किसान हैं, पर इनमें से करीब 21 लाख को ही सम्मान निधि का लाभ मिल पा रहा है। यह कांग्रेस शासन की लापरवाही के कारण है। किसानों का यह अपमान है।
जगदलपुर में मीडिया से केदार कश्यप ने कहा कि, कांग्रेस सरकार की यह ज़िम्मेदारी है कि वह केवाईसी आदि की कार्यवाही पूर्ण कर आंकड़े दिल्ली भेजे, लेकिन जान-बूझ कर इस काम में भूपेश सरकार लापरवाही कर रही है। जिससे प्रदेश के किसानों को केंद्र की योजना का लाभ नहीं पहुंचे। कहा कि, केवल सम्मान निधि में ही नहीं बल्कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में भी ऐसा ही दुराग्रह का परिचय भूपेश सरकार दे रही है। अपना राज्यांश बचाने कांग्रेस सरकार किसानों के साथ क्रूर मज़ाक़ कर रही है। अभी तक फसल बीमा की अधिसूचना भी जारी नहीं की है।
भाजपा नेता ने कहा कि, फसल बीमा और किसान सम्मान निधि आदि मामले में किसानों को अपनी सस्ती और हल्की राजनीति का शिकार कांग्रेस सरकार बना रही है। केदार कश्यप ने कहा कि 27 जुलाई को मोदी जी एक और ऐतिहासिक योजना ‘पीएम प्रणाम’ की शुरुआत करने वाले हैं। रासायनिक उर्वरकों की जगह वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने की प्रधानमंत्री की कोशिश है। इससे खेती में अन्य उर्वरकों के इस्तेमाल से खेती की गुणवत्ता बेहतर होगी। साथ ही किसानों को भी फायदा होगा, क्योंकि इससे खेती की लागत कम हो सकती है।
केदार कश्यप ने कहा कि, रासायनिक उर्वरकों के उपयोग को कम करने के लिए सरकार पीएम प्रणाम यानी कृषि प्रबंधन के लिए वैकल्पिक पोषक तत्त्वों का संवर्द्धन (Promotion of Alternate Nutrients for Agriculture Management Yojana- PM PRANAM) योजना शुरू कर रही है। इस योजना का उद्देश्य जैव उर्वरकों और जैविक उर्वरकों के संयोजन के साथ उर्वरकों के संतुलित उपयोग को प्रोत्साहित करना है। रासायनिक उर्वरकों पर सब्सिडी के बोझ को कम करना, जो 2022-23 में 2.25 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। 2021 के 1.62 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े से 39% अधिक है।