भानपुरी थाना प्रभारी किशोर केवट ने बताया की आमाबाल में डमरू और सुनीता की शादी थी। अचानक शादी समारोह में लाइट जाने के बाद शोर मचने लगा। लोगों ने जब मोबाइल का टार्च जलाई तो देखा कि, दूल्हा- दुल्हन समेत कई लोगों के ऊपर एसिड फेंका जा चुका था। घायलों को बेहतर उपचार के लिए भानपुरी अस्पताल ले जाया गया तो कुछ को मेकाज भेजा गया है।
जगदलपुर के भानपुरी थाना क्षेत्र के बस्तर ब्लॉक के ग्राम छोटे आमाबाल में शादी समारोह के दौरान हुए एसिड अटैक के 12 घंटो बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। हालांकि पुलिस को घटनास्थल के पास से एक कंटेनर बरामद हुआ है। आशंका है कि इसी में एसिड भरकर लाया गया होगा। हालांकि हमलावर के बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आ सकी है। वहीं दूसरी ओर परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है।
दुल्हन की मां कुंती ने बताया की रात को घर में खुशी का माहौल था। इसी दौरान अचानक से बिजली गई और फिर चीख पुकार शुरू हो गई। मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में देखा तो सबके ऊपर एसिड फेंके जाने की बात सामने आई। घर के लोगों के साथ ही गांव वालों ने भाग रहे लोगों को ही पकड़ना शुरू किया और पूछताछ की, पर कोई सुराग नहीं मिला। वहीं अस्पताल में भर्ती पीड़ितों का कहना है कि, उन्हें कुछ भी समझ नहीं आया की आखिर हुआ क्या। शादी समारोह के दौरान शरीर में जलन और दर्द के चलते वे भाग रहे थे।
परिजनों ने बताया कि किसी से कोई विवाद भी नहीं है। चार भाई-बहनों ने सबसे बड़ी बेटी की शादी थी। वह पढ़ाई छोड़ने के बाद कुली का काम कर रही है। बस्तर एसपी ने मामले की जांच के लिए टीम गठित की है। भानपुरी एसडीओपी घनश्याम कामडे का कहना ने बताया कि, घटनास्थल से एक कंटेनर जब्त किया गया है, जिसमें एसिड लाने की बात सामने आई है। उसे जांच के लिए भेजा गया है।