जगदलपुर में एक बाइक सवार युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। जगदलपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के महादेवघाट में रहने वाला विशाल बिसाई नगरनार स्थित एनएमडीसी में काम करता था। बीती रात बाइक ट्रक में जा टकराया, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी लगने के बाद मौके पर पहुंच पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकाज भेजा।
मामले की जानकारी देते हुए नगरनार थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान ने बताया कि बीती रात सेमरा पैट्रोल पम्प के पास एक तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ट्रक में जा घुसा। इस घटना की जानकारी लगने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक दो भाइयों में छोटा था, इसके अलावा मृतक विशाल बिसाई के पिता मंडी में काम करते हैं। विशाल रोजाना की तरह अपने बाइक से एनएमडीसी ड्यूटी में गया हुआ था, जहां से लौटने के दौरान हेलमेट को पहनने के बजाय गाड़ी के पीछे बांधकर वापस अपने घर जगदलपुर आ रहा था कि सेमरा पेट्रोल पंप के पास ट्रक से जा टकराया, जहां उसकी मौत हो गई।