छत्तीसगढ़ में आईपीएल मैचों के चलते सट्टे का कारोबार जोरों पर है। हाल के दिनों में छत्तीसगढ़ पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी कर सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है।
बिलासपुर में भी मंगलवार को साइबर सेल की टीम ने आईपीएल मैच में लाखों का सट्टा खिला रहे एक सट्टेबाज को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सट्टेबाज के पास से 13 नग मोबाइल टीवी, 10 हजार रूपये नकदी सहित 20 लाख की पट्टी बरामद हुई है।
आईपीएल मैच होते हुए सप्ताह भर से ज्यादा हो गया है तथा इस दौरान राजधानी रायपुर व कोरबा से लाखों रुपए का सट्टा खिलाते कई लोगों को पकड़ा जा चुका है।
आईपीएल मैच शुरू होने के दिन से ही शहर में बड़े पैमाने पर सट्टा होने की जानकारी मिलती रही है मगर बिलासपुर में यह पहला मामला है।
बिलासपुर में छापेमारी से पहले सिविल लाईन एएसपी व साईबर सेल प्रभारी आईपीएस अभिषेक मीणा को यह सूचना मिली थी की विजयापुरम के एक मकान में आईपीएल का सट्टा चल रहा है।
सूचना मिलते ही साईबर सेल की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर पुलिस ने सट्टेबाज भरत सोनी पिता हीरालाल सोनी निवासी शिवटाकीज चौक के पास टिकरापारा को सट्टा खिलाते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
विजयापुरम शहर के बाहरी क्षेत्र में स्थिति है। यहां छापे से स्पष्ट है कि पुलिस कारर्वाई के डर से सटोरिए शहर के बाहर आउटर में अपना व्यवसाय आजमा रहे हैं।