रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने संबंधित फेसबुक अकाउंट संचालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, मामला एक फेसबुक पोस्ट पर की गई टिप्पणी से जुड़ा है। आरोप है कि 'ललित टांडी ललित' नाम के फेसबुक अकाउंट से विधायक के लिए अभद्र और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिससे उनकी सार्वजनिक छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।
इस संबंध में भाजपा पार्षद महेश ध्रुव ने तेलीबांधा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी अनुचित और आपत्तिजनक है, जिसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
विज्ञापन
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 353(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और पोस्ट की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।