छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मुंबई की एक नृत्यांगना के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि इसी मामले में अन्य दो आरोपी अभी फरार हैं।
दुर्ग जिले के पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यहां बताया कि जिले के कुम्हारी क्षेत्र के अंतर्गत अहिवारा मार्ग पर चार दिसंबर को 27 वर्षीय युवती से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने कमलेश और राज को गिरफ्तार किया है। वहीं इस घटना का आरोपी कबीर और आरोपियों को सहयोग करने वाला सोनू कुमार अभी फरार हैं।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार भिलाई में एक शादी समारोह में नृत्य प्रस्तुत करने के लिए युवती आई हुई थी। वह सोनू कुमार के बुलावे पर 28 नवंबर को मुंबई से यहां पहुंची थी। तीन दिसंबर को समारोह खत्म होने के बाद युवती को चार दिसंबर को वापस मुंबई लौटना था।
युवती ने थाने में दी अपनी शिकायत में बताया है कि चार दिसम्बर को युवती को रायपुर पहुंचाने के लिए तीनों आरोपी एक कार में सवार होकर युवती के पास आए थे। इसके बाद उसे अपने साथ अहिवारा मार्ग पर ले गए, जहां उन्होंने युवती से दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों उसे रायपुर में छोड़कर फरार हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद युवती किसी तरह रात में भिलाई स्थित सुपेला थाना पहुंची और उसने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले की जांच शुरू कर फरार दोनों आरोपियों को तलाशा जा रहा है।