परिजनों ने जब शव को अंतिम संस्कार के लिए ससुराल भंवरगढ़ ले जाने का प्रयास किया तो रास्ते में बहने वाला नाला सबसे बड़ा रोड़ा बन गया। ग्रामीणों को मजबूरी में शव को ट्यूब पर रखकर रस्सियों के सहारे नाले के पार ले जाना पड़ा।
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी तहसील के ग्राम छेरकाडीह से गुरुवार को जो तस्वीर सामने आई, उसने प्रशासन की पोल खोल दी है। गाँव के बीच बहने वाले नाले पर आज तक पुल नहीं बनने के कारण ग्रामीणों को एक महिला का शव ट्यूब पर रखकर ढोना पड़ा। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में गुस्सा और आक्रोश साफ झलक रहा है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय टिकेश्वरी निषाद की गुरुवार सुबह बीमारी से मौत हो गई। परिजनों ने जब शव को अंतिम संस्कार के लिए ससुराल भंवरगढ़ ले जाने का प्रयास किया तो रास्ते में बहने वाला नाला सबसे बड़ा रोड़ा बन गया। वर्षों से पुल निर्माण की मांग कर रहे ग्रामीणों को मजबूरी में शव को ट्यूब पर रखकर रस्सियों के सहारे नाले के पार ले जाना पड़ा। यह दृश्य प्रशासन की अनदेखी और लापरवाही को उजागर करने के लिए काफी है।
विज्ञापन
वर्षों से अधूरी मांग
ग्रामीणों ने बताया कि वे कई बार नाले पर पुल बनाने की मांग कर चुके हैं। स्कूली बच्चे हों या बीमार मरीज, बरसात में इस नाले को पार करना सबसे बड़ी चुनौती बनी रहती है। लेकिन अधिकारियों की बेरुखी और राजनीतिक उदासीनता के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।
वायरल वीडियो ने किया शर्मसार
ट्यूब पर शव ढोने का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश और गुस्सा और गहरा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक प्रशासन इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान नहीं करेगा, तब तक ऐसी शर्मनाक घटनाएं दोहराई जाती रहेंगी।