मालवाहक वाहनों पर पुलिस की कार्रवाई
- फोटो : अमर उजाला
रायपुर में मालवाहक वाहनों में सवारी बैठने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने एक्शन लिया है। यह अमर उजाला की खबर का असर है। कबीरधाम जिले में मालवाहक वाहन से सवारी ले जाते समय हादसे का शिकार हो गया था, इस सड़क हादसे से 19 लोगों की मौत हुई थी। इस पर अमर उजाला ने सवाल पूछते हुए 'कब थमेगा 'मौत का पिकअप'; लोगों के जीवन से खिलवाड़, मालवाहक वाहन में ढो रहे सवारी' शीर्षक से खबर प्रकाशित किया था। इसके बाद अब पुलिस ने 12 से अधिक उल्लंघनकर्ता मालवाहक वाहन चालकों पर कार्रवाई शुरू की है।
रायपुर एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिये गये है। इसी क्रम में मालवाहन वाहन चालकों के लापरवाही पूर्वक सवारी बैठाने के संबंध यातायात पुलिस रायपुर ने मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस ने शहर के भीतर और बाहर मालवाहक वाहन में सवारी बैठाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विगत एक सप्ताह से विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत 12 मालवाहक वाहन चालकों के खिलाफ मोटर यान अधिनियम की धारा 66/192 के तहत परमिट शर्तो का उल्लंघन एवं निजी वाहन होने पर रजिस्ट्रेशन शर्तो के उल्लंघन करने के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है।
इसके अतिरिक्त मालवाहक वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही पूर्वक दूसरों की जान को जोखिम में डालकर मालवाहक वाहन में सवारी ढोने के परिणाम स्वरूप चालक के खिलाफ लायसेंस भी रद्द किया गया है। लापरवाही पूर्वक मालवाहक वाहन में बारात निकाला जाता है अथवा भारी संख्या में लोगों को बैठाकर एक जगह से दूसरे जगह परिवहन किया जाता है। इस दौरान वाहन चालक के थोड़ी सी लापरवाही अथवा नशे की हालत में होने से वाहन में बैठे सवारियों की जान जोखिम में पड़ जाता है। दुर्घटना होने की स्थिति में भारी संख्या में जानमाल की हानी भी होती है। जिसे देखते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं इस प्रकार की घटना को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।