छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने आज मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के सचिवों की उच्चस्तरीय बैठक लेकर विभागीय योजनाओं और महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को बैकलॉग के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही सचिवों से कहा कि वे अपने-अपने विभागों की योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंच सके।
बैठक में ई-ऑफिस, लोक सेवा गारंटी, नियद नेल्लानार डैशबोर्ड, सुघ्घर छत्तीसगढ़, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति सीजी स्टेट पोर्टल, डी-रेगुलेशन ई-गजट, सेवा सेतु, ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं और पीएम सूर्य घर बिजली योजना सहित कई प्रमुख योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने शासन की महत्वपूर्ण परियोजनाओं से जुड़े भू-अर्जन के लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, गृह, आदिम जाति विकास, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण, मुख्यमंत्री एवं सुशासन, सामान्य प्रशासन, वाणिज्य एवं उद्योग, स्कूल शिक्षा, खाद्य, कृषि, परिवहन, नगरीय प्रशासन, कौशल विकास, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वाणिज्यिक कर सहित विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव उपस्थित रहे।