छत्तीसगढ़ में चार दिनों तक बारिश के बाद अब बारिश पर ब्रेक लग गया है। बीते दिनों गरज चमक के साथ झमाझम बारिश हो रही थी, लेकिन बीते कुछ दिनों से बारिश नहीं हो रही है। इस कारण से प्रदेश में तापमान बढ़ रहा है। इससे लोग उमस, गर्मी से परेशान हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज से बारिश की गतिविधियां कम होने की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
मौसम एक्सपर्ट के अनुसार, छत्तीसगढ़ में आने वाले एक सप्ताह कम बारिश हो सकती है। इसके बाद राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में झमाझम बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। बीते दिनों प्रदेश में लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। इसके बाद अब सड़कों में धूल उड़ने लगे हैं।
कम बारिश के आसार
बीते सोमवार को बलरामपुर, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, और जशपुर जिले में हल्की बारिश हुई है, लेकिन अब पूरे प्रदेश में बारिश पर ब्रेक लग गया है। मौसम एक्सपर्ट के अनुसार, कई इलाकों में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना रहेगी। प्रदेश में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान भी बारिश होने के आसार कम हैं।
जानें मानसून का हाल
एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उसके आसपास 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला है। मानसूनी द्रोणिका बीकानेर, कोटा, गुना, सीधी, डेहरी, बालूरघाट और उसके बाद पूर्व की ओर नागालैंड तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इस क्रम में आज भी प्रदेश में कई इलाकों में हल्की मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ छींटें पड़ सकती है।