जिले में नौतपा के पहले दिन भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। लगातार बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं ने लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। पेंड्रा क्षेत्र में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि वास्तविक अनुभव 45 डिग्री तक महसूस किया गया।
सुबह से ही तेज धूप और उसम के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर होते-होते हालात और अधिक खराब हो गए। तेज गर्म हवाओं और लू के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। बाजारों में भी लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी।
सबसे ज्यादा परेशानी दिहाड़ी मजदूरों, राहगीरों और छोटे व्यापारियों को हो रही है। उन्हें तेज धूप में काम करने को मजबूर होना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है। यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है।
मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी
विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। बाहर जाते समय सिर ढँककर जाने को कहा गया है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की भी सलाह दी गई है। यह सावधानी लू से बचाव के लिए अत्यंत आवश्यक है।
जिला प्रशासन ने भी नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को दोपहर में घर के अंदर रहने की सलाह दी है। साथ ही लू से बचाव के लिए छाछ, नींबू पानी और अन्य तरल पदार्थों का अधिक सेवन करने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने लू लगने के गंभीर लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचने की अपील की है।