पेंड्रा नगर के मुख्य मार्ग पर पंजाब नेशनल बैंक के समीप एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोयले से भरा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विज्ञापन बोर्ड से टकराते हुए बीच सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला। घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार चालक की हालत स्थिर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि ट्रेलर कोयला लेकर मोजरबेयर जतहरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान पंजाब नेशनल बैंक के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रेलर पहले विज्ञापन बोर्ड से टकराया और फिर सड़क के बीचोंबीच आकर रुक गया। हादसे में विज्ञापन बोर्ड भी क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के कारण डिवाइडर की एक ओर का यातायात पूरी तरह बाधित हो गई।