बस्तर जिले के लोहण्डीगुड़ा ब्लॉक मुख्यालय से करीब 40 किमी. दूर गरदा स्थित बालिक आश्रम में बीते 27 मार्च को तीन छात्राओं के रात भर गायब रहने का मामला सामने आया है।
इन छात्राओं को आश्रम के चौकीदार जयपाल एवं उदय सेठिया मड़ई व नाट दिखाने के नाम पर रात भर आश्रम से बाहर लेकर गए। कक्षा पांचवी में पढ़ने वाली ये तीनों छात्राएं 12 से 13 साल की हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार 27 मार्च को आश्रम में अधीक्षिका शांति कश्यप नहीं थीं। इस दिन देर शाम आश्रम के दो चौकीदार तीन छात्राओं को गरदा से दस किमी. दूर ग्राम अलनार में आयोजित मंडई घूमाने की बात कहकर अपने साथ ले गए।
ये तीनों छात्राएं रात भर आश्रम नहीं लौटीं। अगले दिन सुबह तीन छात्राओं में से दो आश्रम में पहुंचीं। एक छात्रा अपने गांव मिचनार चली गई जो आज तक नहीं लौटी है।
इस मामले की जानकारी मिलने के बाद सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी व सीपीआई के नेता गरदा पहुंचे थे। छात्राओं ने इनसे नाट देखने जाने की बात कही है।
वहीं, आश्रम अधीक्षिका ने लोहंडीगुड़ा थाने में इन नेताओं के खिलाफ आश्रम की छात्राओं को डराने धमाकने की शिकायत दर्ज कराई है।
अब छात्राएं पुलिस को 27 मार्च को आवेदन देकर जाने की बात कह रही हैं और अनाचार से इंकार कर रही हैं। लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि घटना के दिन जब अधीक्षिका आश्रम में नहीं थीं तो फिर छात्राओं ने किसे आवेदन दिया यह संदेहास्पद है।