छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत लोकसभा की सात सीटों के लिए रविवार शाम चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। मतदान 23 अप्रैल को होना है। इन सीटों पर कुल 123 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू ने आज यहां बताया कि लोकसभा चुनाव के तीसरे और राज्य में अंतिम चरण में सात सीटों के लिए प्रचार आज शाम पांच बजे समाप्त हो गया।
साहू ने बताया कि तीसरे चरण में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग,जांजगीर, कोरबा, रायगढ़ तथा सरगुजा लोकसभा क्षेत्रों के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा। अधिकारी ने बताया कि लोकसभा निर्वाचन के तीसरे चरण में 123 उम्मीदवार हैं जिनमें रायपुर में 25, बिलासपुर में 25, दुर्ग में 21, कोरबा में 13, रायगढ़ में 14, जांजगीर में 15 तथा सरगुजा में 10 उम्मीदवार हैं। तीसरे चरण के निर्वाचन के लिए एक करोड़ 27 लाख 13 हजार 816 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
उन्होंने बताया कि मतदान के लिए 15 हजार 408 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव आयोग ने तीन चरणों में मतदान कराने का फैसला किया है। पहले चरण में 11 अप्रैल को बस्तर लोकसभा सीट के लिए मतदान संपन्न हुआ। वहीं, दूसरे चरण में 18 अप्रैल को कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा सीट के लिए मतदान कराया गया। तीसरे चरण के लिए 123 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला सत्ताधारी दल कांग्रेस और विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी के बीच होने की संभावना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ और बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने राज्य का दौरा किया और चुनाव सभाएं की हैं। राज्य के गठन के बाद से छत्तीसगढ़ भाजपा का गढ़ रहा है। हालांकि, वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 90 में 68 सीटों पर जीत हासिल करने के बाद लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिए कड़ी चुनौती पेश कर दी है।