राजधानी रायपुर में आगजनी की दो अलग-अलग घटनाओं ने शहर में हड़कंप मचा दिया। पहली घटना उरला क्षेत्र के सरोरा स्थित बजरंग नगर में संचालित स्टील क्राफ्ट फर्नीचर फैक्ट्री में सामने आई, जहां दोपहर के समय वेल्डिंग का काम चल रहा था।
राजधानी रायपुर में आगजनी की दो अलग-अलग घटनाओं ने शहर में हड़कंप मचा दिया। पहली घटना उरला क्षेत्र के सरोरा स्थित बजरंग नगर में संचालित स्टील क्राफ्ट फर्नीचर फैक्ट्री में सामने आई, जहां दोपहर के समय वेल्डिंग का काम चल रहा था। अचानक उठी चिंगारी ने पलभर में पूरे शेड को आग की लपटों से घेर लिया। देखते ही देखते धुआँ इतना बढ़ गया कि कर्मचारियों को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिल पाया।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के बाद फैक्ट्री के अंदर कई मजदूर फंस गए थे। इलाके में चीख-पुकार के बीच तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। खबर मिलते ही नगर निगम की दमकल की तीन गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त पानी की टैंकरों को भी बुलाया गया है। फिलहाल फैक्ट्री में रखे गद्दे, फोम, लकड़ी और तैयार फर्नीचर के जलने से लाखों का नुकसान होने का अनुमान है।
दमकल कर्मियों ने बताया कि आग के कारणों की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन आशंका है कि वेल्डिंग के समय निकली चिंगारी फोम या लकड़ी पर गिरने से आग भड़की। उरला थाना पुलिस ने फैक्ट्री परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
इलेक्ट्रिक वाहन में लगी आग
दूसरी घटना जब शहर के एक अन्य इलाके में खड़े एक इलेक्ट्रिक वाहन में अचानक धुआँ निकलने लगा। देखते ही देखते वाहन की बैट्री भड़क उठी और आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत रेत और पानी की मदद से आग को फैलने से रोका। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन वाहन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बैटरी ओवरहीट होने से आग लगने की आशंका है। पुलिस और दमकल विभाग ने ई-वाहन निर्माता कंपनी से तकनीकी जानकारी मांगी है, ताकि कारण का सही पता लगाया जा सके।