कोरबा में हाथियों ने मकान तोड़ डाले।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छत्तीसगढ़ के कोरबा में शनिवार देर रात हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों की आवाज सुनकर ग्रामीण जान बचाने घर छोड़कर भाग निकले। इसके बाद उनके सामने ही हाथियों ने उनके मकान तोड़ डाले। खूंटे से बंधे मवेशियों को मार दिया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हाथियों का उत्पात रोकने में नाकाम रही। हालांकि बाद में हाथी खुद ही जंगल की ओर चले गए।
जानकारी के मुताबिक, केंदई रेंज के लालपुर गांव में शनिवार शाम लोग अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान हाथियों की आवाज सुनाई दी। ग्रामीणों ने देखा कि एक साथ 11-12 हाथी उनके गांव की ओर आ रहे हैं। यह देखते ही लोगों में भगदड़ मच गई। परिवार सहित लोग भागने लगे। तभी हाथी गांव में दाखिल हो गए और पंडोपारा में रहने वाले मनहरण सिंह का मकान उसके सामने ही तोड़ दिया।
हाथियों ने वहीं पास में बंधे मवेशियों को भी मार दिया। हाथियों के हमले में चार मवेशियों की मौत हुई है। यह देखकर ग्रामीण काफी डर गए। उन्होंने किसी तरह वन विभाग को सूचना दी, लेकिन वे हाथियों को नहीं भगा सके। सारी रात हाथियों का उत्पात चलता रहा और ग्रामीण डरकर अपने घरों से दूर दुबके रहे। वन विभाग की टीम हाथियों को नहीं भगा सकी तो वाहन में भरकर ग्रामीणों को दूर लेकर गई।