दुर्ग जिले के जोरातराई गांव में भारतीय जनता पार्टी के नेता राजेंद्र सिंह यादव पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने रायपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस से बचने के लिए ट्रेन से अहमदाबाद भाग गया था। वहां दोस्त द्वारा फोन न उठाने पर वह वापस रायपुर लौट आया, जहां घेराबंदी कर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जोरातराई के बागपारा स्थित मिलन चौक निवासी 40 वर्षीय कुरपा बाग के रूप में हुई है।
होटल में चाय पीते समय हुआ हमला
शनिवार सुबह करीब 8:00 बजे भाजपा नेता राजेंद्र सिंह यादव जोरातराई स्थित एक होटल में चाय पी रहे थे। उसी समय आरोपी पीछे से वहां पहुंचा और उनके गले पर चाकू से वार कर दिया। हमले में राजेंद्र सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत मौके से निकल गया। पुलिस ने हमले से जुड़े वीडियो फुटेज और दूसरे साक्ष्यों को अपनी जांच का हिस्सा बनाया है।
अहमदाबाद से रायपुर लौटने पर गिरफ्तारी
हमले के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए अपनी बाइक एम्स परिसर में खड़ी करके ट्रेन से अहमदाबाद चला गया। आरोपी वहां अपने एक दोस्त के घर रुकना चाहता था। हालांकि, अहमदाबाद पहुंचने के बाद जब उसने दोस्त को फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद आरोपी ने अहमदाबाद में रुकने के बजाय वापस लौटने का फैसला किया। लौटते समय आरोपी ने अपने दोस्त से संपर्क करके बताया कि उसकी बाइक एम्स परिसर में खड़ी है और वह रायपुर आ रहा है। उसने दोस्त से रायपुर स्टेशन पहुंचकर उसे लेने के लिए भी कहा।
ये भी पढ़ें-
जिसका कबीरधाम को वर्षों से था इंतजार: वह सपना आखिर कैसे हुआ साकार? शासकीय मेडिकल कॉलेज की हुई शुरुआत
भाई की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
आरोपी की इस बातचीत की जानकारी उसके भाई तक पहुंच गई। भाई ने तुरंत पुलिस को सूचना दी कि आरोपी अहमदाबाद से लौट रहा है और रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सबसे पहले एम्स परिसर पहुंचकर आरोपी की बाइक बरामद की। इसके बाद पुलिस परिवार के सदस्यों के साथ रेलवे स्टेशन पहुंची और आरोपी का इंतजार करने लगी। जैसे ही आरोपी स्टेशन पर पहुंचा, पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।