नगर निगम आयुक्त ने दो कर्मचारियों को किया सस्पेंड
- फोटो : फाइल
दुर्ग जिले में दो महिला सफाई कर्मचारियों के खिलाफ काम में लापरवाही बरतने को लेकर भिलाई नगर निगम के कमिश्नर ने कार्रवाई की है। पार्क में लगे पौधों में समय पर पानी ना डालने को लेकर यह कार्रवाई की गई है। नगर निगम के आयुक्त राजीव पाण्डेय ने दोनों महिला सफाई कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है।
दोनों महिला कर्मचारी ड्यूटी से रहती थीं गायब
आयुक्त ने दोनों कर्मचारियों को पहले भी समझाइश दी थी। बावजूद इसके काम में लापरवाही पाई गई। इस बार कमिश्नर ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है। नगर निगम में काम करने वाली 2 महिलाओं की ड्यूटी पार्क में पानी डालने के लिए लगाई गई थी जहां आए दिन दोनों महिला कर्मचारी ड्यूटी से गायब रहती थीं। कमिश्नर ने कई बार औचक निरीक्षण किए जिसमें महिला कर्मचारियों के द्वारा सही तरीके से ड्यूटी नहीं करने की बात सामने आई थी. दोनों महिला कर्मचारियों के रवैये को लेकर अब कमिश्नर ने कार्रवाई की है।
कमिश्नर ने दोनों महिला कर्मचारियों को दिया था नोटिस
महिला सफाई कर्मी लगातार अपनी ड्यूटी से गायब रहती थीं जिससे पार्क में लगे पौधे पानी ना डालने के कारण सूख गए थे। इसकी जानकारी कमिश्नर राजीव पांडेय को लगी जिसके बाद दोनों महिला सफाई कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया। नोटिस देने के बाद भी दोनों कर्मचारियों ने अपने रवैये में सुधार नहीं किया। इसके बाद निगम आयुक्त ने महिला सफाई कर्मचारी वृन्दाबाई और ललिता बाई को सस्पेंड करने का आदेश जारी किया।