फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रायपुर में ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़: दिल्ली से चल रहा था नेटवर्क, पुलिस ने छह आरोपियों को किया गिरफ्तार

Tue, 31 Mar 2026 09:47 PM IST
अमन कोशले अमर उजाला नेटवर्क, रायपुर

सार

पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये आरोपी ड्रग्स की खरीद नाइजीरियन नागरिकों से करते थे और फिर उसे कोरियर और राइडर्स के जरिए अलग-अलग राज्यों में सप्लाई करते थे।
विज्ञापन
मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में सूखा नशा और सिंथेटिक ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने अंतर्राज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा किया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जो दिल्ली से पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहे थे।
विज्ञापन


पुलिस जांच में सामने आया कि इस सिंडिकेट के सरगना महेश खड़का और कुसुम हिन्दुजा दिल्ली में रहकर एमडीएमए ड्रग्स और पार्टी पिल्स की सप्लाई कर रहे थे। गिरोह द्वारा ड्रग्स डिलीवरी के लिए “डेड ड्रॉप सिस्टम” का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिसमें सुनसान जगहों पर ड्रग्स रखकर उसकी लोकेशन वीडियो के जरिए ग्राहकों को भेजी जाती थी।

मामले का खुलासा तब हुआ जब एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि रैपिडो राइडर्स के जरिए शहर में ड्रग्स पहुंचाई जा रही है। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और निगरानी के बाद तेलीबांधा इलाके में तीन राइडर्स को पकड़ा, जिनके पास से एमडीएमए ड्रग्स बरामद हुई। पूछताछ में सामने आया कि ये सभी आरोपी कुणाल मंगतानी के लिए काम कर रहे थे, जो कोरियर के जरिए ड्रग्स रिसीव करता था।
विज्ञापन


जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम दिल्ली पहुंची और वहां से दोनों मास्टरमाइंड को पकड़कर रायपुर लाया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये आरोपी ड्रग्स की खरीद नाइजीरियन नागरिकों से करते थे और फिर उसे कोरियर और राइडर्स के जरिए अलग-अलग राज्यों में सप्लाई करते थे।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 48.03 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स, 8 पार्टी पिल्स, 9 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और ड्रग्स सप्लाई में इस्तेमाल किया गया कोरियर बॉक्स जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।

इस मामले में थाना तेलीबांधा में नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से कई राज्यों में फैले ड्रग्स नेटवर्क की कड़ी टूटी है और आगे भी इस तरह के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें