छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में हुए एक हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है जहां पुरानी रंजिश के चलते दो गुटों में हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। वहीं पुलिस ने वारदात में शामिल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम मुजगहन का पूरा मामला बताया जा रहा है। जहां 21 अक्टूबर की रात करीब 10:20 बजे मुजगहन के मेन रोड पर सुदामा साहू के घर के सामने पुरानी दुश्मनी को लेकर विवाद भड़क उठा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने दीपांशु साहू और विकास साहू पर लात-घूंसों, लकड़ी के डंडों और धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
हमला इतना घातक था कि दोनों युवक लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। आनन-फानन में दोनों को शासकीय जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दीपांशु साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल विकास साहू का अस्पताल में इलाज जारी है।
मामले की खबर मिलते ही अर्जुनी पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई में जुट गई थी।इस दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों की घेराबंदी की और 4 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल 2 लकड़ी के डंडे और अन्य सामान बरामद कर लिया है।पकड़े गए आरोपियों की पहचान फनेश्वर नेताम (18 वर्ष), रितेश नेताम (22 वर्ष), लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20 वर्ष) और नोहर यादव उर्फ काला (23 वर्ष) के रूप में हुई है। ये चारों आरोपी रत्नाबांधा, धमतरी के रहने वाले हैं।
अर्जुनी पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं, 103(1) (हत्या), 296, 115(2), और 191 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।