छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले सुकमा में नक्सली हमले में एक सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई। नक्सलियों ने सीआरपीएफ के काफिले पर बम से हमला किया था जिसकी चपेट में आकर जवान की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार वाकया मंगलवार सुबह उस समय हुआ जब सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन की एक टुकड़ी चिंतालनार पुलिस थाना क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी ब्लास्ट में हुए तेज विस्फोट की चपेट में सीआरपीएफ का वाहन आ गया।
इसी के साथ ही तेज धमाके के साथ पूरे क्षेत्र में धुंआ फैल गया। विस्फोट में सब इंस्पेक्टर बीएस बिष्ट, हेड कांस्टेबिल सुधाकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण सब इंस्पेक्टर बिष्ट ने दम तोड़ दिया। जबकि घायल जवान सुधाकर को एयर लिफ्ट कर जगदलपुर भिजवाया गया, जहां अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।