Attack on Sukma jagargunda SDOP tomesh Verma: सुकमा जिले के जगरगुंडा थाने क्षेत्र के एसडीओपी तोमेश वर्मा पर दंतेवाड़ा में अज्ञात युवक ने चाकू से हमला किया है। हमले में एसडीओपी घायल हो गए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को पकड़कर डिवाइडर से दोनों हाथ बांधकर जमकर धुनाई की। वहीं आरोपी के साथ ही इस हमले में शामिल एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। दंतेवाड़ा शहर के टीवीएस शोरूम के पास इस वारदात को अंजाम दिया गया।
हमले को लेकर इस तरह की चर्चा
ऐसी चर्चा है और कुछ लोगों ने दबी जुबान से बताया कि एसडीओपी वर्मा सुकमा से पहले दुर्ग में पदस्थ थे, जिनकी आरोपी महिला से किसी बात को लेकर कोई विवाद चल रहा था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने शायद इसी नाराजगी के चलते इस घटना को अंजाम दिया होगा। फिलहाल, वर्मा सुकमा जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र में एसडीओपी के पद पर पदस्थ हैं।
'रंगीन मिजाज' एसडीओपी साहब पर लगे हैं यह आरोप
'रंगीन मिजाज' एसडीओपी तोमेश वर्मा पर वर्ष 2024 में दुर्ग जिले में मोहन नगर पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज किया था। रिश्ते में भाभी लगने वाली महिला ने आरोप लगाया है कि उसके देवर डीएसपी वर्मा ने उसके साथ घर में घुसकर दुष्कर्म किया। पीड़िता ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट भी की थी। पीड़ित महिला के मुताबिक, जुलाई 2020 में प्लॉट खरीदने के सिलसिले में डीएसपी घर आया था। इस दौरान महिला को देखकर तोमेश की नीयत बिगड़ गई।
डॉक्टर पति को सुनाई थी आपबीती
मोहन नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डीएसपी देवर का महिला के घर परिचित होने के चलते आना-जाना था। पीड़िता महिला के पति डॉक्टर हैं। डीएसपी महिला के घर गया था। घर में कोई नहीं होने का फायदा उठाकर घर में घुसकर उसके साथ मारपीट करते हुए दुष्कर्म किया। पीड़िता महिला ने इस घटना के संबंध अपने डॉक्टर पति को जानकारी दी। पति-पत्नी ने बदनामी के डर से पहले यह बात छिपाई। इस घटना से दुखी महिला सहम गई थी। एकदम चुपचाप रहने लगी थी। किसी से बातचीत भी नहीं करती थी। यह सब देखकर पति ने उसे थाने में एफआईआर कराने के लिये कहा। इसके बाद मोहन नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
जमानत पर हैं डीएसपी
पुलिस शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच जांच कर रही थी। पीड़िता ने जिस डीएसपी अधिकारी पर आरोप लगाए हैं वह वर्तमान में सुकमा जिले के जगरगुंडा में एसडीओपी के पद पर पदस्थ हैं। फिलहाल ये मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
वहीं डीएसपी साहब जमानत पर हैं। बताया जाता है कि यही महिला एक युवक के साथ डीएसपी का पीछा करते हुए दुर्ग से सुकमा पहुंची। 80 किलोमीटर पीछा करते हुए सुकमा से दंतेवाड़ा पहुंचे। महिला इस घटना से इस कदर आक्रोशित और परेशान थी कि इसका बदला लेने के लिये पूरे एक साल बाद मौका पाकर दंतेवाड़ा में आरोपी युवक से डीएसपी पर चाकू से हमला करवाया। फिलहाल, पुलिस दोनों (महिला और युवक) को हिरासत में लेकर इस संबंध में पूछताछ कर रही है।