कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा शुरु की गई भारत जोड़ो यात्रा की आज पहली वर्षगांठ मनायी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने प्रदेश के लगभग हर जिले में पदयात्रा निकाली। जिला मुख्यालय बालोद में भी कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं द्वारा भारत जोड़ो यात्रा पदयात्रा निकाली गई है। रिमझिम बारिश के बीच सैंकड़ों की संख्या में कांग्रेसियों ने जिला मुख्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान मंत्री अनिला भेड़िया, विधायक संगीता सिन्हा, सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र के विधायक संगीता सिन्हा ने बताया कि हमारे नेता राहुल गांधी अपनी 4,000 किलोमीटर की यात्रा में अपने समर्थकों के साथ-साथ विरोधियों का भी ध्यान खींचने में कामयाब रहे। विपक्ष को आज इस यात्रा को लेकर चिंतन करना पड़ रहा है। आज कन्याकुमारी से कश्मीर तक आयोजित की जाने वाली भारत जोड़ा यात्रा की पहली वर्षगांठ है। भारत जोड़ो यात्रा कोई स्क्रिप्टिंग वाली यात्रा नहीं थी, यह एक अपने मन से चलने वाली यात्रा थी। रास्ते में जो मिला उनसे मिलते गए और नफरत को तोड़कर प्यार जोड़ते गए। शायद इसीलिए यह यात्रा सत प्रतिशत सफल हुई है और इसका असर भी पूरे देश में देखने को मिल रहा है। नफरत के इस बाजार में अब मोहब्बत बरकरार है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा खत्म नहीं हुई है, बल्कि यह फिर से शुरू हुई है। आज लोगों के जहन में यह यात्रा भरी हुई है और इसे याद करते हुए हम पुन: सड़कों पर उतरे हुए हैं। पूरे छत्तीसगढ़ में आज पुनः इस यात्रा की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि नफरत छोड़ो भारत जोड़ो के संदेश के साथ कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता सड़क पर उतरा हुआ है। जिस तरीके से राहुल गांधी ने पूरे देश में भारत जोड़ो को याद यात्रा के माध्यम से एक नया अध्याय जोड़ा है,उसका परिणाम देखने को जरूर मिलेगा।