जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के नेतृत्व में सोमवार को तहसील मुख्यालय कुटरू में आसपास से आये बड़ी संख्या में ग्रामीणों संग क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर बीजापुर को ज्ञापन सौंपा।
मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपे गये ज्ञापन में मुख्यरूप से सात मांगे शामिल हैं, जिसमें मांग की गई है कि तेंदुपत्ता क्षेत्र के आदिवासी ग्रामीणों का मुख्य आय का स्त्रोत है। वर्तमान में तेंदूपत्ता तोड़ाई का काम पूरा हो चुका है, लेकिन तेंदूपत्ता का भुगतान नकद न होकर बैंक खाते के माध्यम से होने जा रहा है। क्षेत्र में बैंक नहीं हैं और बैंक की दूरी भी बहुत अधिक होने के कारण लोगों को बहुत परेशानी होगी।
तेंदूपत्ता का नकद भुगतान किया जाए
ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए तेंदूपत्ता का नकद भुगतान किया जाए। कुटरू निवासी सोमा चिडियम जो कि वर्षों से ग्राम कुटरू में निवासरत हैं उनकी जमीन को अतिक्रमण बताकर षडयंत्र पूर्वक तहसीलदार, पटवारी के द्वारा तोड़ा गया है जो कि अनुचित है। सोमा चिडियम को उसकी जमीन वापस की जाये। गांव-गांव से निर्दोष ग्रामीणों को पकड़कर पुलिस के द्वारा बेवजह मारपीट कर, उन्हें जेल भेजा जा रहा है, जिसे तत्काल बंद किया जाए।
कुटरू और फरसेगढ़ थाना प्रभारी को हटाया जाए
निर्दोष आदिवासी ग्रामीणों को फर्जी मुठभेड में मारना बंद किया जाए। थाना प्रभारी कुटरू राजीव श्रीवास्तव तथा थाना प्रभारी फरसेगढ़ आकाश मसीह के द्वारा आये दिन ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज, मारपीट कर ग्रामीणों को जेल भेजना एवं जेल भेजने की धमकी दी जा रही है। साथ ही क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों के साथ एवं ग्राम प्रमुखों के साथ में अभद्र व्यवहार किया जाता है। जिसे तत्काल बंद किया जाये एवं दोनों थाना प्रभारियों को हटाया जाए।
अस्पताल में डॉक्टर तैनात किया जाए
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुटरू में पिछले चार महीने से डॉक्टर नहीं है, वहां पर तत्काल डॉक्टर पदस्थ किया जाए। तहसीलदार कुटरू विरेन्द्र श्रीवास्तव के द्वारा अंबेली पंचायत के आश्रित गांव आकलंका के लगभग 80 ग्रामीणों से वन अधिकार पट्टा दिलाने के नाम पर प्रति व्यक्ति से 1200 रुपये कुल राशि 96,000 रुपये लिया गया है। ग्रामीणों को उनकी राशि वापस कर तहसीलदार पर कार्रवाई की जाए और सभी ग्रामीणों को वन अधिकार पट्टा दिया जाए।
आदिवासियों को सुरक्षा देने में भाजपा सरकार फेल- विधायक विक्रम मंडावी
प्रदर्शन के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि जिले के आदिवासियों को सुरक्षा देने और आदिवासियों के हितों की रक्षा करने में प्रदेश की भाजपा सरकार पूरी तरह फेल है। चाहे वो मुतवेंडी में छः माह की बच्ची को गोली लगने से हुई मौत हो या फिर पीढ़िया की घटना हर तरफ़ आदिवासी वर्ग ही प्रताड़ित है। आज आदिवासी समुदाय अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहा है। प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार बनी है आदिवासियों पर अत्याचार बड़े है।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, जिला पंचायत सदस्य सोमारु राम कश्यप, जिला पंचायत सदस्य संतकुमारी मंडावी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भैरमगढ़ के अध्यक्ष लच्छु राम मौर्य, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुटरू के अध्यक्ष शैलेश मंडावी, राजू पल्लो, बलराम कोरसा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।