छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव
- फोटो : PTI
देशभर में घातक बीमारी कोविड-19 के खिलाफ जंग लगातार जारी है। इसी के तहत एक अप्रैल से कोरोना टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत भी की जा चुकी है। इस बीच बढ़ते कोरोना संक्रमण के प्रकोप को देखते हुए छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने पत्रकारों की सुध ली है। दरअसल, टीएस सिंह देव ने केंद्र सरकार को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने पत्रकारों को भी कोरोना का टीका लगवाए जाने की बात कही है।
पत्र के जरिये उन्होंने सरकार से अपील की है कि पत्रकारों को भी कोरोना योद्धा माना जाए। उन्होंने कहा कि महामारी के पहले दिन से ही अन्य कोरोना योद्धाओं की तरह पत्रकार भी जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं, जो कि काफी सराहनीय है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने केंद्र सरकार को लिखे पत्र में कहा कि सरकार को छत्तीसगढ़ के पत्रकारों के लिए तत्काल टीकाकरण की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य के पत्रकारों को कोरोना वॉरियर की श्रेणी में रखते हुए टीकाकरण अभियान में प्राथमिकता देनी चाहिए ताकि इससे उनका हौसला बढ़े और वह जमीनी स्तर पर बेहतर रूप से कार्य कर सकें।
पत्र में लिखा गया है कि आज देश कोरोना-19 महामारी के दूसरे लहर से पीड़ित है। ऐसे में शुरुआत से ही इस जंग में प्रिंट-इलेक्ट्ऱॉनिक व वेब मीडिया के पत्रकार साथी कोरोना की रोकथाम और जांच, टीकाकरण आदि से संबंधित पल-पल की खबरों को प्रचारित व प्रसारित कर जनता एवं सरकार के मध्य कड़ी का कार्य कर रहे हैं। ऐसी परिस्थितियों में पत्रकार साथियों एवं उनके परिवार की सुरक्षा का दायित्व बढ़ जाता है। हमें उनके योगदान को भी ध्यान में रखना चाहिए।
टीएस सिंह देव ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन सिंह के नाम लिखे इस पत्र में राज्य में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के मामलों का भी जिक्र किया। उन्होंने दुर्ग में बढ़ रहे कोरोना मामलों को देखते हुए जिले में छह से 14 अप्रैल तक लॉकडाउन लागू करने के फैसले के बारे में लिखा। सरकार की तरफ से जारी बयान के मुताबिक राज्य के मुख्यमंत्री भपेश बघेल ने कोरोना के मामलों को ध्यान में रखते हुए जिलों के डीएम से उनके इलाकों में लॉकडाउन लगाए जाने के फैसले का निर्देश दिया है। इसके अलावा आने वाले समय में कोरोना के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए छत्तीसगढ़ के कई अन्य जिलों में भी लॉकडाउन लगाया जा सकता है।
राज्य में बड़ी संख्या में कोविड-19 से संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं। पिछले चौबीस घंटों में यहां कोरोना के 2 हजार 871 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा 43 लोगों को कोरोना वायरस की चपेट में आने के बाद अपनी जान गंवानी पड़ी। राज्य में फिलहाल 31 हजार 858 एक्टिव मामले हैं। वहीं, अब तक 3 लाख 21 हजार 873 लोग कोरोना संक्रमण से ठीक भी हो चुके हैं। अब तक कुल 4 हजार 247 मरीजों की जान जा चुकी है।